गम्हरिया : भविष्य निधि तथा ईएसआईसी कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया स्थित रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड, प्लांट एक में निधि आपके निकट' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य रूप से उपस्थित रांची के क्षेत्रिय पीएफ आयुक्त संदीप लिजर टोप्पो ने उपस्थित कर्मचारियों और मजदूरों को भविष्य निधि से होने वाले फायदों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने विभाग द्वारा कर्मचारियों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और उससे लाभ लेने के तरीकों, सेवानिवृत्ति के बाद देय सुविधाओं आदि को भी बताया। मौके पर उपस्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम, आदित्यपुर शाखा के प्रबंधक संजय कुमार ने ईएसआईसी से जुड़े नियमों तथा उससे बीमित कर्मचारियों व उनके आश्रितों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बावत विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि ईएसआईसी से जुड़कर सेवाकाल और सेवानिवृत्ति के बाद भी लाभ उठाया जा सकता है। उन्होंने बीमार पड़ने, गम्भीर बीमारी से पीड़ित होने, दुर्घटनाग्रस्त होने, आंशिक व पूर्णरूप से विकलांग होने और आकस्मिक मृत्यु होने की स्थिति में ईएसआईसी से मुहैया कराए जाने वाले राशि की जानकारी दी। इस मौके पर कर्मचारियों द्वारा भी कई समस्याओं को उनके समक्ष रखा गया जिसके समाधान की विधि उन्हें बताई गई। कार्यक्रम को जमशेदपुर भविष्य निधि कार्यालय के अधिकारी उमाशंकर प्रसाद, ईएसआईसी निरीक्षक नवल किशोर आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर प्लांट हेड एम बालाकृष्णा, एचआर सहायक महाप्रबंधक रिंटू मुखर्जी, मैनक गुप्ता, हर्षल कुमार, विवेक कांत, प्रवीण कुमार, मिथिलेश सिंह, संतोष कुमार सिंह समेत काफी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।





Nice reporting by Abhay Ji
जवाब देंहटाएं