गम्हरिया : स्वदेशी जागरण मंच, सरायकेला-खरसावां जिला के तत्वावधान में मंगलवार को छोटा गम्हरिया स्थित बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन में चित्रकला, प्रश्नोत्तरी एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता जिला संयोजक अजीत कुमार सिंह एवं जिला पर्यावरण प्रमुख रश्मि भेंगरा ने की। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि गम्हरिया थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक संजय प्रसाद तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विभाग संयोजक राजकुमार शाह एवं सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार उपस्थित थे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। शिक्षाविद् रविकांत भगत ने प्रतियोगिताओं में परीक्षक की भूमिका निभाई। इन प्रतियोगिताओं में आदर्श विकास विद्यालय, वाणी विद्या मंदिर, विद्या भारती, विद्या ज्योति स्कूल, राज्य संपोषित उच्च विद्यालय एवं नव ज्योति विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में कुल 37 स्थानीय बालिकाओं एवं महिलाओं ने भाग लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों पर आधारित विषय रखे गए। इनमें झारखंड के स्वतंत्रता सेनानी, स्वदेशी बनाम विदेशी उत्पाद, शिक्षा का अधिकार, मेरे सपनों का भारत और बिजली बचाओ जैसे विषय शामिल थे।कक्षा 9 एवं 10 की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में झारखंड के स्थानीय उत्पाद एवं पर्यटन से रोजगार सृजन, विशेष गहन पुनरीक्षण एवं मतदान का महत्व, राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम्, स्वदेशी बनाम विदेशी उत्पाद, अंतरराष्ट्रीय खेलों में भारत की भूमिका तथा स्वदेशी के विषय पर अपने विचार लिखने से संबंधित विषय शामिल थे। कक्षा 11 एवं 12 की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में झारखंड का आर्थिक परिदृश्य, बौद्धिक संपदा अधिकार, राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का इतिहास, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग से सुरक्षा एवं स्वावलंबन और अंतरराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र में भारत की भूमिका जैसे विषयों पर विद्यार्थियों की जानकारी और समझ को परखा गया। स्वदेशी के विषय पर अपने विचार लिखने का विषय भी शामिल था। कार्यक्रम को सफल बनाने में अमित सिंहदेव, अल्पना कुमारी, पूनम देवी, जितेंद्र सिंह, प्रणव झा, शरदेंदु शेखर, दुलारी झा, अनिमेष कुमार, प्रमोद पांडे, कन्हैया प्रसाद, राजेश झा, राजन साह समेत अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आगामी 7 नवंबर को दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित ‘एक दीया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें