चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझगांव प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विधायक नीरल पूर्ति और उपायुक्त मनीष कुमार मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित जनसमूह, पदाधिकारियों और कर्मियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
छात्राओं को साइकिल, दिव्यांगों को व्हीलचेयर
इस मौके पर “उन्नति का पहिया” योजना के तहत 20 छात्राओं को साइकिल दी गई जबकि सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना के तहत 16 लाभुकों को धोती-साड़ी व लुंगी प्रदान किया गया। वहीं, दिव्यांगजन सशक्तिकरण के तहत 2 लाभुकों को व्हीलचेयर और 1 को ट्राई साइकिल प्रदान की गई। कृषि विभाग ने दो किसानों को 50% अनुदान पर धान बीज दिया। कार्यक्रम में फुलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत एक लाभुक को सांकेतिक चेक मिला, टीबी उन्मूलन अभियान में 5 मरीजों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट दिया गया। साथ ही, 10 लाभुकों को आय, आवासीय और जाति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
हेल्प डेस्क और पानी टैंकर का शुभारंभ
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण किया गया। आमजन को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रखंड कार्यालय में हेल्प डेस्क शुरू की गई। जलधारा अभियान के तहत 15वें वित्त आयोग मद से खरीदे गए पानी टैंकर का भी शुभारंभ किया गया।
योजनाओं की समीक्षा, कार्यालय का निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद विधायक और उपायुक्त ने प्रखंड कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की। शिक्षा, समाज कल्याण, आवास, मनरेगा, एसआईआर, आपूर्ति, कृषि समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हुई। उपायुक्त ने पारदर्शिता के साथ समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण कर अभिलेखों की जांच की और जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रखंड व अंचल के पदाधिकारी, सभी जनप्रतिनिधि, लाभुक और काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें