पटमदा : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बीईएसटी एवं शहीद स्मारक समिति के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को बिड़रा संसद भवन, पटमदा में फलदार पौधा वितरण, वृक्षारोपण एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. एहतेशाम वक़ारिब, आईपीएस, पुलिस अधीक्षक ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों फलदार पौधों का वितरण किया गया तथा विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण किया गया। साथ ही आयोजित स्वास्थ्य शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन एक-दूसरे के पूरक हैं तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने कहा कि "एक पौधा – एक जीवन" अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और हर व्यक्ति को वृक्षारोपण से जोड़ना है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मो. इश्तियाक जहर, जगदीश प्रसाद मंडल, गोपाल गोराई, ग्राम प्रधान विकास महतो, कृतिवास महतो, नरेश महतो दसरथ बेसरा एवं रूपा बाउरी, ने अपने विचार व्यक्त किए। वहीं उत्तम महतो, चरण महतो, चंदन महतो, अजय महतो, अजय मुर्मू, शशधर महतो, बनश्री महतो, कल्याणी महतो सहित महिला समिति की सदस्याएं, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, हरित समाज निर्माण एवं स्वस्थ जीवन के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें