गम्हरिया : गम्हरिया प्रखंड सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर बीएलओ और पर्यवेक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य रूप से अपर चुनाव आयुक्त सुबोध कुमार उपस्थित थे। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों से सीधे संवाद कर प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं और निर्वाचन कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर संयुक्त मुख्य चुनाव आयुक्त ने ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के निस्तारण, एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया, ऑनलाइन प्रतिवेदन तैयार करने तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से सवाल-जवाब कर यह सुनिश्चित किया कि उन्हें निर्धारित प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी है और वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर रहे हैं। प्रशिक्षण में ऑनलाइन आवेदन प्राप्ति, उनके निष्पादन, घर-घर सत्यापन तथा एन्यूमरेशन फॉर्म से संबंधित कार्यों को बेहतर ढंग से संपादित करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग पूरी तरह से तैयार है और मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। आयोग का उद्देश्य पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को चिन्हित कर निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाना है। इस मौके पर सहायक निर्वाचन निबंधक पदाधिकारी सह सीओ प्रवीण कुमार समेत सभी बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षक एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें