गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टायो कॉलोनी के पीछे स्थित रपचा डैम से लगभग 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव पुलिस ने बरामद किया है। डैम में शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र से सटे शंकरपुर गांव के कुछ ग्रामीण सुबह डैम में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैरते एक शव पर पड़ी। शव की स्थिति काफी खराब और सड़ी-गली थी जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह कई दिनों पुराना हो सकता है। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गम्हरिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय तैराक की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस संबंध में गम्हरिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक ने बताया कि शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि शव काफी सड़ा-गला है जिससे प्रथम दृष्टया पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। उन्होंने बताया कि आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाई जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर बिंदु से जांच में जुटी है।






टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें