जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पानीपाड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी के किनारे मिले दो अमेरिकी शक्तिशाली बमों को भारतीय सेना की टीम ने सावधानी के साथ बुधवार को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। सेना के विशेषज्ञों ने पहले सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए आसपास के लोगों को लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर सुरक्षित स्थान पर रहने का निर्देश दिया।
इसके बाद सेना की टीम ने पहले बम को दोपहर 12:22 बजे तथा दूसरे बम को 1:22 बजे डेटोनेटर के माध्यम से नियंत्रित तरीके से विस्फोट कर निष्क्रिय किया। पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इससे पूर्व सेना की विशेष टीम ने बम को जमीन में 15 फीट गहरा गड्ढा खोदकर उसमें रखा। इसके बाद गड्ढे को बालू की बोरियों से ढक दिया गया। एक किलोमीटर दूर से तार बिछाकर बमों को रिमोट तरीके से डिफ्यूज किया गया। डिफ्यूज से पहले भारतीय सेना के ड्रोन ने पूरे एक किलोमीटर क्षेत्र का सर्वे किया, ताकि कोई भी व्यक्ति उस रेडियस में न रहे। खेतों में काम कर रहे मजदूरों सहित स्थानीय लोगों को पूरी तरह दूर कर दिया गया था। पहले बम को डिफ्यूज करने के आधे घंटे के बाद दूसरे बम को निष्क्रिय किया गया। डिफ्यूज के समय जोरदार धमाका हुआ और आसमान में काला व सफेद धुआं दिखाई देने लगा। धमाके से उस जगह पर गहरी खाई बन गई है। बम निष्क्रिय होने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। इसके लिए स्थानीय ग्रामीणों ने भारतीय सेना की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें