गम्हरिया : टाटा-कांड्रा मार्ग पर गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रापचा- राहड़गोड़ा मोड़ के समीप हाईवा और मालवाहक ऑटो के बीच हुई जोरदार टक्कर में ऑटो सड़क पर पलट जाने से उस पर सवार करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पूरी तरह अनियंत्रित होकर पलट गया जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस के माध्यम से गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक डॉ. प्रमिला ने बताया कि उक्त घटना में लगभग 10 से 12 लोग घायल हुए थे जिनका प्राथमिक उपचार गम्हरिया स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। इनमें से दो लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। उक्त घटना के बाद कुछ देर के लिए टाटा-कांड्रा मार्ग पर यातायात का परिचालन प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता कर रही है।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें