गम्हरिया : गम्हरिया प्रखंड के मुरुमडीह मैदान में आयोजित अंडर-16 एकदिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। टाटा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में गम्हरिया, चांडिल प्रखंड तथा आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की कुल 12 टीमों ने भाग लिया था।नॉकआउट सिस्टम पर खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में सालडीह की टीम ने कड़े संघर्ष के बाद नीमडीह की टीम को 1-0 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की। इससे पूर्व टूर्नामेंट का उद्घाटन दुग्धा पंचायत की सचिव लक्ष्मी मुर्मू ने किया था। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर टाटा स्टील गम्हरिया के हेड (इम्पलॉय सर्विसेज एंड कॉरपोरेट रिलेशन्स) प्रमोद कुमार ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है। ऐसे टूर्नामेंट बच्चों को अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व का पाठ पढ़ाते हैं। हमारी कोशिश है कि गांव और कस्बों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच मिले, ताकि वे आगे चलकर जिला, राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में टाटा कामगार यूनियन सहित टीएसएफ के मुकेश कुमार, अजय तंतुबाई, माधुरी कैवर्त आदि का सराहनीय योगदान रहा। समापन सत्र में टीएसजी के एरिया मैनेजर (इम्पलॉय सर्विसेज एंड कॉरपोरेट रिलेशन्स) महेन्द्र सिंह ने विजेता टीम को बधाई देते हुए अन्य सभी टीम मेम्बर्स को प्रोत्साहित किया।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें