#बच्चों को राष्ट्रभक्त बनाने में मातृशक्ति की भूमिका अहम- मिथिलेश श्रीवास्तव
गम्हरिया : गम्हरिया के जगन्नाथपुर स्थित नव ज्योति विद्या मंदिर प्रांगण में 12वां वार्षिक उत्सव समारोह का धूमधाम से आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक परंपरा के तहत पवित्र मन्त्रोचरण और अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में डैफोडिल्स स्कूल बारी के प्राचार्य मिथिलेश कुमार श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीराम इंग्लिश हाई स्कूल आदित्यपुर के संस्थापक सुरेश सिंह, एसडीएम स्कूल के संस्थापक नथुनी सिंह, केएमपीएम के सेवानिवृत्त प्राचार्य सूर्यदेव प्रसाद, इप्टा के संस्थापक डॉ. परमानंद मोदी, जगन्नाथपुर की प्रभारी मुखिया रिंटू देवी और राधेश्याम ट्रस्ट के यूएन श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे। इस मौके पर अपने सम्बोधन में मुख्य अतिथि मिथिलेश कुमार श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में जहां हर स्कूल पाश्चात्य संस्कृति को बढ़ावा दे रहे हैं, वैसे में नव ज्योति विद्या मंदिर अपनी भारतीय संस्कृति परंपरा की अलख जगा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में सबसे बड़ा योगदान मातृशक्ति का होता है। क्योंकि वह बच्चों को सजाने, संवारने के साथ साथ उसे राष्ट्र की सेवा के लिए शिक्षा ग्रहण करने हेतु प्रेरित करती है। साथ ही यह विद्यालय बच्चों को संस्कार भी दे रहा है। इस मौके पर विद्यालय के विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की बेहतरीन प्रस्तुति का प्रदर्शन किया गया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सतयुग, त्रेतायुग और कलियुग नृत्य और माता-पिता को समर्पित गीत ने अभिवावकों की खूब तालियां बटोरी। कार्यक्रम में पूर्व छात्रा भूमि सिंह और शताब्दी ने स्कूल से जुड़े अपनी याद और अनुभव को बताया। इस मौके पर स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक अजीत कुमार सिंह, राहुल कुमार समेत क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग भी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के उत्कृष्ट बच्चों तथा कार्यक्रम के प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सचिव डॉ. संजीव कुमार श्रीवास्तव, प्राचार्या अनामिका श्रीवास्तव,संचालन शिक्षिका अनिशा श्रीवास्तव समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का योगदान रहा। इस मौके पर विद्यालय के सभी बच्चे व काफी संख्या में अभिभावकगण उपस्थित थे।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें