आदित्यपुर : आदित्यपुर रेलवे यार्ड के समीप शर्मा बस्ती की ओर से तेज रफ्तार से आ रही एक मालगाड़ी रेलवे यार्ड की दीवार तोड़कर दूसरी खड़ी मालगाड़ी से जा टकरा जाने से अफरा तफरी मच गई। घटना बुधवार के प्रात: करीब 9.45 की बताई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शर्मा बस्ती की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार मालगाड़ी अचानक नियंत्रण खो बैठी और रेलवे यार्ड की दीवार तोड़ते हुए दूसरी खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे एक-दूसरे पर चढ़ गए। उक्त घटना के समय यार्ड में कई मजदूर काम कर रहे थे। टक्कर की आवाज सुनते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सभी मजदूर समय रहते सुरक्षित स्थान पर चले गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के समय मालगाड़ी बिना इंजन के लाइन पर दौड़ रही थी। आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या ब्रेक फेल होने के कारण यह घटना हुई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के कई अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दिया है।फिलहाल रेलवे यार्ड में क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने का कार्य जारी है और लाइन को बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें