गम्हरिया : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 10 अंतर्गत विद्युत नगर में विगत दिनों भारी बारिश में घर ढह जाने के बाद बेघर हुए परिवारों द्वारा बुधवार को झारखंड आदिवासी संगठन के बैनर तले सीओ और बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर उचित मुआवजा देने और पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की गई। इस मौके पर संगठन के रविंद्र बास्के ने बताया कि विद्युत नगर के 17 परिवारों का घर पूरी तरह से टूट गया। इस कारण सभी आसपास टेंट लगाकर अस्थायी तौर पर जीवन- यापन करने को मजबूर हैं। सभी गरीब परिवार है। उनके पास ना तो पर्याप्त संसाधन हैं और ना ही पैसे हैं ताकि पुनः खुद से अपना आशियाना बना सके। उन्होंने अधिकारियों से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा प्रदान करने तथा उनके पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग किया। इस मौके पर राम हांसदा समेत सभी पीड़ित परिवार के सदस्य मौजूद थे।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें