सरायकेला : जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों पर निगरानी रखने के लिए आरक्षी अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के नेतृत्त्व में बीते बुधवार की रात विभिन्न कांडों में वांछित अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी एवं आरोपपत्रित अपराधियों के सत्यापन को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में सरायकेला एसडीपीओ, सभी थाना प्रभारी व अंचल निरीक्षक के साथ कुल 185 पुलिसकर्मियों की 27 टीमों ने भाग लिया था। इन 27 टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक सौ से अधिक स्थानों पर छापेमारी करते हुए कुल 13 वांछित अपराधियों और वारंटियों को गिरफ्तार किया। साथ ही, अपराध नियंत्रण और रोकथाम को लेकर विभिन्न अपराध शीर्ष में कुल 121 अपराधियों का भौतिक सत्यापन किया। इनमें 45 अपराधी आर्म्स एक्ट, 27 एनडीपीएस एक्ट, 8 हत्या, 9 उत्पाद अधिनियम, 26 संपत्तिमूलक कांडों एवं 6 नक्सल कांडों में आरोपित हैं। इस दौरान एसपी खुद आदित्यपुर में मोर्चा संभाल कर इसकी मोनिटरिंग कर रहे थे और पूरी रात 27 टीमों की गतिविधियों की जानकारी और उपलब्धियों की जानकारी लेते रहे। इससे पूर्व उन्होंने सभी टीमों को कैसे अभियान चलाना है, इसका ब्रीफ किया। एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रात में अपराधियों की गतिविधियों की निगरानी करना और जितने भी फरार वारंटी और वांछित अपराधी हैं उनके विषय में भौतिक सत्यापन करना और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करना है। इसके लिए 27 टीमों द्वारा अलग- अलग थानांतर्गत 100 से अधिक स्थानों पर छापामारी करते हुए कुल 13 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही अलग-अलग कांडों के 132 अपराधियों का सत्यापन किया गया। इस अभियान के तहत आदित्यपुर से छह, कपाली से पांच, कांड्रा से एक, आरआईटी से एक वारंटी की गिरफ्तारी की गई। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में एनडीपीएस एक्ट, हत्या का प्रयास, चोरी एवं लूट तथा वारंटी है। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके लिए सभी संबंधित थाना प्रभारी को निर्देश जारी कर दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में आदित्यपुर थाना क्षेत्र से शाहिद आलम उर्फ सद्दाम, कन्हैया कुमार पंडित, जियारूल हक उर्फ छोटू, सूरज कोतवाल उर्फ सूरज पात्रो, सज्जाद अली उर्फ छोटू सोनु, अरमान अंसारी उर्फ लाडला, कपाली से जावेद अंसारी, सरफराज अंसारी उर्फ फोगला, मो. सम्स तबरेज अहमद उर्फ शब्बीर, शब्बीर अंसारी, अरबाज खान उर्फ कौसर, आरआईटी से चरण बिरुआ और कांड्रा थाना क्षेत्र से देवा मंडल शामिल हैं।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें