मुख्य सामग्री पर जाएँ
BREAKING NEWS
विज्ञापन

पुरेन्द्र के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आवास बोर्ड के अध्यक्ष से मिलकर सौंपा ज्ञापन Purendra submitted memorandum to the Housing Board

लेखक: प्रकाशित:
पुरेन्द्र के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आवास बोर्ड के अध्यक्ष से मिलकर सौंपा ज्ञापन Purendra submitted memorandum to the Housing Board



# आवास बोर्ड के मकान, फ्लैटअथवा भूखंड पर अवैध रूप से बसे लोगों को आवंटित किए जाने की रखी मांग

आदित्यपुर: आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को नप के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में जमशेदपुर परिसदन में झारखंड राज्य आवास बोर्ड के अध्यक्ष संजय लाल पासवान से मिला. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल द्वारा आदित्यपुर, बागबेड़ा और छोटा गोविंदपुर में आवास बोर्ड के मकान/ फ्लैट/ भूखंड पर रह रहे लोगों की समस्याओं का निर्धारण समय सीमा के अंदर किए जाने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन के माध्यम से बताया गया है कि आदित्यपुर, बागबेड़ा एवं छोटा गोविंदपुर क्षेत्र में आवास बोर्ड की संपदाओं पर रह रहे लोग वर्षों से विभिन्न प्रकार की समस्याओं का सामना कर रहे हैं, जिनका अब तक समाधान नहीं हो पाया है. इस दौरान पुरेंद्र नारायण ने आवास बोर्ड के अध्यक्ष से अनुरोध किया कि आवास बोर्ड के नियम और शर्तों के अनुसार, आवास बोर्ड के मकान/ फ्लैट में लंबे समय से अवैध रूप से रह रहे लोगों को संबंधित मकान या फ्लैट का आवंटन किया जाना चाहिए. साथ ही आवास बोर्ड के भूखंड पर लंबे समय से अवैध रूप से रह रहे लोगों को योजनाबद्व तरीके से संबंधित भूखंड का आवंटन किया जाना चाहिए. उन्होंने आदित्यपुर, बागबेड़ा एवं छोटा गोविंदपुर में मासिक किराए पर आवंटित फ्लैट अथवा मकान को भाड़ा सह क्रय के आधार पर आवंटित किए जाने की मांग भी की. बताया कि इसके लिए फ्लैट या मकान में आवासित लोग भी इच्छुक हैं. उन्होंने आवास बोर्ड द्वारा शुरू की गई विनियमितीकरण प्रक्रिया को पुनः नए सिरे से प्रारंभ किए जाने की मांग भी की ताकि विनियमितिकरण प्रक्रिया में शामिल होने से वंचित रह गए लोगों को भी उसका लाभ मिल सके और अधिकाधिक लोग राज्य सरकार की इस योजना से लाभान्वित हो सके. साथ ही, आवास बोर्ड की वैसी विभिन्न संपदाओं जिनके मूल आबंटी लंबे समय से लापता हैं अथवा उनके संबंध में किसी प्रकार की जानकारी नहीं है, उनके संबंध में नीतिगत निर्णय लेते हुए संपदाओं को संबंधित संपदा पर लंबे समय से रह रहे लोगों के नाम पर आवंटित करने पर विचार करने को भी कहा. आवास बोर्ड के अध्यक्ष प्रतिनिधिमंडल को उनकी सभी मांगों पर जनहित में नियमानुसार निर्णय लेने का आश्वासन दिया. अध्यक्ष ने कहा कि आगामी 18 अगस्त को आहूत बोर्ड की पहली बैठक में सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि वे जमशेदपुर आवास बोर्ड के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण करने के उपरांत समीक्षा बैठक भी करेंगे. प्रतिनिधिमंडल में पुरेंद्र नारायण सिंह के अलावे देव प्रकाश देवता, कुमार बिपिन बिहारी प्रसाद, प्रमोद गुप्ता, वीरेंद्र यादव, राजेश कुमार यादव, अवधेश कुमार आदि शामिल थे.

इस खबर को शेयर करें

WhatsApp Facebook X
लेखक

THE LIVE BHARAT पर प्रकाशित

संबंधित खबरें RELATED NEWS

टिप्पणियाँ

आपके लिए सुझाव RECOMMENDED

विज्ञापन