# सुरक्षा की दृष्टिकोण से पीड़ित शिक्षक को 24 घंटे में गृह प्रखंड में करें पदस्थापित
सरायकेला : सरस्वती पूजा के दिन बहरागोड़ा प्रखंड स्थित सियालबिंदा उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक को सियालबिंदा गांव के ही कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा बिलंब से विद्यालय पहुंचने का बहाना बनाकर मारपीट करते हुए 40 मिनट तक पेड़ पर बांधकर रखने की शर्मसार करने वाली घटना को लेकर अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की सरायकेला जिला इकाई का एक बैठक आदित्यपुर स्थित जयप्रकाश उद्यान में की गई। बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री दीपक दत्ता ने कहा, मानवता को शर्मसार करने वाली यह घटना शिक्षा जगतके साथ -साथ सभ्य समाज एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत ख़तरनाक संकेत है।इस निंदनीय कृत्य के पश्चात् शिक्षक समाज में कार्यस्थल में सुरक्षा को लेकर चिंता की लकीरें खींच गई हैं। विशेष कर दूर -दराज,दूर्गम एवं सुरक्षा की दृष्टिकोण से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में पदस्थापित शिक्षक एवं उनके परिजन जान -माल की सुरक्षा को लेकर अवसाद ग्रस्त होने लगे हैं।श्री दत्ता ने इस अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील विषय पर राज्य सरकार से शिक्षकों के सुरक्षा एवं सम्मान को संरक्षित करने के लिए सटीक रणनीति के साथ प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने की मांग की है तथा सुरक्षा की दृष्टिकोण से पीड़ित शिक्षक को 24 घंटे में उनके गृह प्रखंड में पदस्थापित करने की मांग किया है। जिलाध्यक्ष मानिक प्रसाद सिंह एवं महासचिव सुदामा मांझी ने अपने संबोधन में जिला के उपायुक्तों , अनुमंडल पदाधिकारीयों एवं अंचल अधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन को प्रत्येक माह विकास एवं सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा के दौरान कार्यस्थल पर शिक्षकों के सुरक्षा का भी प्राथमिकता के साथ समीक्षा करने की मांग किया। जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने कहा बहरागोड़ा की घटना से सबक लेकर सरकार एवं जिला प्रशासन अगर कार्यस्थल पर शिक्षकों की सुरक्षा एवं मान-सम्मान की संरक्षण पर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित नहीं करती है तो , शिक्षक संघ जोरदार आंदोलन एवं विरोध प्रदर्शन करने पर मजबूर हो सकता हैं। बैठक में मुख्य रूप से चंद्र मोहन चौधरी,देवेंद्रनाथ साहू ,अमर सिंह उरांव , शंभू कुमार सिंह , हेमंत मार्डी , कुना राम माझी , अश्विनी कुमार मिश्रा , प्रताप कुमार मिश्रा , तरणी कुमार साहू , हरिशंकर सिंह सरदार , विजय कुमार तिवारी , सरोज रजक ,श्रीधर हालदार , किशोर कुमार , बाबूराम महली सहित संगठन के अनेक सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें