गम्हरिया : भारती विविध कला मंदिर की ओर से गम्हरिया स्थित चित्रगुप्त भवन में समारोह आयोजित कर गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। समारोह का उदघाटन बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित संगीतज्ञ तपन मजुमदार, विशिष्ट अतिथि कला शिक्षक गणेश दास तथा चित्रगुप्त महासमिति के कार्यकारी अध्यक्ष केएम श्रीवास्तव व महासचिव संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि तपन मजुमदार ने अपने संबोधन में संस्था की ओर से बच्चों की बीच आयोजित इस प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि यहां के बच्चों में प्रतिभाएं छिपी हुई है। उन्हें उसे प्रदर्शित करने का समुचित नहीं मिल पाता है ताकि वे आगे बढ़ सकें। अन्य अतिथियों ने भी समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में सभी बच्चों ने जो अपनी कला का प्रदर्शन किया वह काबिले तारीफ है। उन्होंने सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए इसी प्रकार कला के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने परिवार, समाज, प्रदेश और देश का नाम रौशन करने की अपील किया।
इस मौके पर बच्चों द्वारा स्वहस्तनिर्मित कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस मौके पर प्रतियोगिता के चारों ग्रुपों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा शील्ड, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रमाण पत्र दिया गया। इस मौके पर अन्य गणमान्य अतिथियों में गम्हरिया इंग्लिश स्कूल की प्रशासक रीमा बैनर्जी तथा सचिव शिप्रा पाल भी मौजूद रही। समारोह के दौरान कलाकारों द्वारा देशभक्ति पर आधारित गीतों की भी बेहतरीन प्रस्तुति की गई जिससे पूरा माहौल देशप्रेम की रंग में रंग गया। इसके आयोजन में संस्था के अध्यक्ष कुमार संजय, उपाध्यक्ष संजय स्वर्णकार, सचिव चंचल साहू, कोषाध्यक्ष रूबी देवी, राकेश शर्मा, संतोष प्रमाणिक, जोबा चंद्रा, अजय महतो, प्रियंका सेनगुप्ता, उत्तम साहू, अनीता देवी समेत सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।






टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें