◆जीवन मे संघर्ष ही सफलता का है मूलमंत्र- एसडीएम
गम्हरिया : राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में नई छात्राओं के लिए आयोजित आगाज-23 समारोह को संबोधित करते हुए सरायकेला की एसडीएम पायल सिंह ने कहा कि जीवन में संघर्ष ही सफलता का मूलमंत्र है। आपकी जिंदगी का सबसे अनमोल वक्त का सफर यहां से शुरू होता है। अपनी मेहनत से जीवन के लक्ष्य को हासिल करें। आपकी मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाएगी। आज की मेहनत से कल आप कठोर चुनौतियों का डटकर मुकाबला करने के लिए सक्षम होंगे। अगर आज आपने मेहनत नहीं की तो जीवन का यह स्वर्णीय अवसर हाथ से निकल जायेगा, और फिर कभी यह वक्त वापस नहीं आयेगा। आप बड़े सपने देखना मत भूलिए। कड़े संघर्ष से उस सपने को साकार कर दुनियां के सामने मिसाल बनिए। उन्होंने कहा कि उच्चस्तरीय एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हासिल कर हम समाज के सामने मिसाल कायम कर सकते हैं। इससे पूर्व माता सरस्वती की तस्वीर के सामने दीप जलाकर समारोह का शुभारंभ किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित गम्हरिया थाना प्रभारी आलोक दूबे ने कहा कि कड़ी मेहनत न केवल सफल होने का एक महत्वपूर्ण साधन है, बल्कि यह बेहतर जीवन के लिए महत्वपूर्ण भी है। हम अपने जीवन के विभिन्न चरणों में चुनौतियों का सामना करते हैं। छात्र जीवन से लेकर पेशेवर जीवन तक, हर पहलू में हमें बाधाओं का सामना करना पड़ता है। नए छात्राओं का आगाज करते हुए उनके कुशल शिक्षण की मंगल कामना की। इससे पूर्व संस्थान के प्राचार्य संजीव कुमार ने अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। उन्होंने संस्थान के उत्तरोत्तर विकास पर बल देते हुए सहयोग के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस संस्थान में शिक्षा के साथ बच्चों को आदर्श नागरिक बनाने का हर प्रयास किया जाता है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अनुशासन ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने संस्थान के आसपास के विद्यालयों में संस्थान की छात्राओं को भेजकर बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा से जोड़ने का प्रस्ताव दिया। इस अवसर पर छात्राओं की ओर से आकर्षक नृत्य, संगीत, भाषण आदि प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर पुराने छात्राओं की ओर से नई छात्राओं का स्वागत किया गया। अतिथियों ने छात्राओं की ओर से बनाए गए पेंटिंग, आर्ट एवं मेंहदी गैलरी की प्रशंसा की। इस अवसर पर सोशल एक्टिविस्ट बिनोद कुमार, बिहारी गोंड, कुमार मनोज, राजेश प्रसाद, सुबोध कुमार, विष्णु शंकर सिंह, शिव सागर प्रसाद आदि उपस्थित थे।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें